आवारा कुत्ते ने 30 मिनट के अंदर 5 लोगों को काटा, इसमें 4 मासूम बच्चे भी शामिल, सभी हुए लहूलुहान, अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र के राजगढ़ जिले के पनवेल क्षेत्र में आवारा कुत्ते का आतंक देखने को मिला है। मुंबई से सटे पनवेल तालुका में आवारा कुत्तों द्वारा लोगों को काटने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तलोजा गांव में शुक्रवार को एक आवारा कुत्ते ने महज 20 से 30 मिनट के अंदर पांच लोगों को काटा जिसमें चार बच्चे भी शामिल हैं।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना तलोजा गांव की शुक्रवार शाम की है। पनवेल के तलोजा गांव में कुत्तों के काटने का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है। लोगों ने स्थानीय अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। 

कुत्तों ने बुरी तरह से नोचा 3 साल के बच्चे का चेहरा

मन्नत आळी इलाके में खेल रहे तीन वर्षीय मुस्तफा अली पर आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने उसका चेहरा बुरी तरह नोच डाला। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।

हमले में मुस्तफा के होंठ और नाक पर गंभीर चोटें आईं। बच्चे की चीखें सुनकर परिजनों ने दौड़ लगाई और किसी तरह उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। 

मुंबई के अस्पताल में रेफर किया गया घायल बच्चा

घायल बच्चे को तुरंत कलंबोली के एम.जी.एम. अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मुंबई के नायर अस्पताल रेफर किया है। नायर अस्पताल में मुस्तफा की प्लास्टिक सर्जरी की गई है और वर्तमान में उसका इलाज जारी है।